– डॉ. राजबहादुर मौर्य, असिस्टेंट प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान, बुन्देलखण्ड कालेज झांसी (उत्तर- प्रदेश)
भूमिका
भारत में आजादी के बाद पहले संसदीय आम चुनाव वर्ष १९५१- ५२ में सम्पन्न हुए। इस चुनाव में कुल १७ करोड़, ३२ लाख, १२ हजार, ३४३ पंजीकृत मतदाता थे। लगभग १० करोड़, ५९ लाख, लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस समय निरक्षरता लगभग ८२ फीसदी थी। चुनाव प्रक्रिया २५ अक्टूबर १९५१ से २१ फरवरी १९५२ यानी लगभग ४ माह तक चली थी। श्री सुकुमार सेन उस समय मुख्य चुनाव आयुक्त थे। इस चुनाव में हर दल की अलग अलग मतपेटी थी।मत पत्र पर नाम और चिन्ह नहीं थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने ३६४ सीटों पर जीत दर्ज की थी।तब से लेकर आज तक निरंतर भारतीय जनतंत्र की यह गौरवशाली यात्रा जारी है।
बुंदेलखंड परिक्षेत्र
उत्तर प्रदेश के अन्तर्गत आने वाले बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र में झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर तथा चित्रकूट जनपद आते हैं।इन सातों जनपदों को मिलाकर लगभग यहां पर १ करोड़ की आबादी निवास करती है। कृषि योग्य भूमि का यहां पर अभाव है।कम वर्षा और सिंचाई के साधनों का अभाव है। इसलिए बहुसंख्यक आबादी मजदूरी पर आश्रित है।कल कारखानों के अभाव के कारण वह महानगरों में पलायन कर जाती है। उत्तर- प्रदेश की विधानसभा में यहां से वर्ष २०१२ के पूर्व २१ विधायक चुने जाते थे। परन्तु २०१२ के चुनाव में यहां की दो विधानसभाएं, विधानसभा क्षेत्र कोंच ( जनपद- जालौन) तथा विधानसभा क्षेत्र मौदहा ( जनपद- हमीरपुर) को समाप्त कर दिया गया। वर्तमान समय में बुंदेलखंड से १९ विधायक चुन कर जाते हैं तथा लोकसभा में ४ सांसद यहां का प्रतिनिधित्व करते हैं।
चुनावी प्रक्रिया का प्रारम्भ, प्रथम आम चुनाव, वर्ष १९५१-५२
१९५२ के पहले लोकसभा आम चुनाव में, उत्तर प्रदेश के अन्तर्गत आने वाले बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र में ४ संसदीय क्षेत्र थे। झांसी जिला (दक्षिण), हमीरपुर जिला, बांदा जिला फतेहपुर सहित तथा बांदा जिला फतेहपुर, उन्नाव व जिला रायबरेली सहित। यह चारों सीटें सामान्य वर्ग के लिए थीं जिन पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी हुए थे। झांसी जिला (दक्षिण) से धुलेकर रघुनाथ ने ८३ हजार, ७१४ मत प्राप्त किया था और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार कंचन मणि राम को ६४ हजार, ३११ मतों के अंतर से हराया था। कंचन मणि राम को १९ हजार, ४०३ मत मिले थे। (१)
हमीरपुर जिले से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार श्री मन्नू लाल द्विवेदी ने ४२ हजार, ११८ मत प्राप्त कर, स्वतंत्र उम्मीदवार रण विजय बहादुर सिंह को ४ हजार, १४४ मतों के अंतर से हराया। विजय बहादुर सिंह को ३७ हजार, ९७४ मत प्राप्त हुए थे। सम्मिलित रूप से बांदा और फतेहपुर जनपद को मिलाकर बने निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार श्री शिवदयाल ने ६८ हजार, ४९५ मत प्राप्त कर सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री भूपेन्द्र निगम को ३० हजार, ७५२ मतों के अंतर से हराया। भूपेंद्र निगम को ५६ हजार, ६०२ मत प्राप्त हुए थे।
बांदा, फतेहपुर और रायबरेली जनपद से मिलकर बने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री प्यारेलाल कुरील ने ६८ हजार, ४९५ मत प्राप्त कर भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार मतोला सिंह को २८ हजार, २६३ मतों के अंतर से हराया।मतोला सिंह को ४० हजार, २६३ मत प्राप्त हुए।(२)
दूसरे आम चुनाव, वर्ष- १९५७
वर्ष १९५७ के दूसरे आम चुनाव में बुंदेलखंड में झांसी, हमीरपुर तथा बांदा लोकसभा क्षेत्र बने। इस बार हमीरपुर दो सदस्यीय लोकसभा क्षेत्र था। इस बार भी यहां की चारों सीटों पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी हुए। हमीरपुर की दोनों सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थीं। झांसी से कांग्रेस की उम्मीदवार सुशीला नैयर ने १ लाख, ९ हजार, २३० मत प्राप्त कर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार श्री चंदन सिंह को ७१ हजार, ७६९ मतों के अंतर से हराया।चंदन सिंह को ३७ हजार, ४६१ मत प्राप्त हुए थे।
हमीरपुर की एक सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री मन्नू लाल ने २ लाख, ३० हजार, ७३० मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री पांडेय जानी लाल को ३ हजार, ६३२ मतों के अंतर से हराया। उन्हें २ लाख, २७ हजार, ०९८ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर की दूसरी सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री लच्छी राम ने १ लाख, ८१ हजार, ८६४ मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री ज्वाला प्रसाद को १५ हजार, ८६६ मतों के अंतर से हराया। ज्वाला प्रसाद को १ लाख, ६५ हजार, ९९८ मत प्राप्त हुए। बांदा से कांग्रेस के उम्मीदवार राजा दिनेश सिंह ने ६८ हजार, ३५३ मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री भूपेन्द्र निगम को २० हजार, ५४२ मतों के अंतर से हराया। भूपेन्द्र निगम को ४७ हजार, ८११ मत प्राप्त हुए।(३)
तीसरे आम चुनाव, वर्ष- १९६२
लोकसभा के तीसरे आम चुनाव १९६२ में बुंदेलखंड में हमीरपुर को एक सदस्यीय सामान्य लोकसभा क्षेत्र बनाकर जनपद जालौन को अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित क्षेत्र बनाया गया। इस बार भी यहां की चारों सीटों पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार जीत कर संसद पहुंचे। बांदा से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री सावित्री निगम ने ४५ हजार, ९१९ मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री जमुना प्रसाद को १३ हजार, ६८१ मतों के अंतर से हराया। जमुना प्रसाद को ३२ हजार, २३८ मत प्राप्त हुए थे।
हमीरपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री मन्नू लाल द्विवेदी ने ९९ हजार, ३७५ मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री उदित नारायण को २७ हजार, ६८४ मतों के अंतर से हराया। उदित नारायण को ७१ हजार, ६९१ मत प्राप्त हुए थे। झांसी से कांग्रेस की उम्मीदवार सुशीला नैयर ने ८९ हजार, ४४५ मत प्राप्त कर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार श्री पन्नालाल को ११ हजार, ०९० मतों के अंतर से हराया। पन्ना लाल को ७८ हजार, ३३५ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री रामसेवक ने १ लाख, ५३० मत प्राप्त कर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी श्री ज्वाला प्रसाद अहिरवार को ३५ हजार, ३०६ मतों के अंतर से हराया। ज्वाला प्रसाद को ६५ हजार, २२४ मत प्राप्त हुए।(४)
चौथे आम चुनाव, वर्ष- १९६७
१९६७ के चौथे आम चुनाव में भी बुंदेलखंड से चार सांसद जीत कर संसद पहुंचे। बांदा से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार श्री जागेश्वर प्रसाद ने ६६ हजार, ४२ मत प्राप्त कर भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार श्री ए. पी. मिश्रा को ७ हजार, ४६९ मतों के अंतर से हराकर यहां वामपंथी पार्टियों का खाता खोला। मिश्र जी को कुल ५८ हजार, ५७३ मत प्राप्त हुए थे। हमीरपुर से भारतीय जनसंघ का खाता खोलते हुए श्री एस. बी. जी ने १ लाख, ३८ हजार, ३८२ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार श्री मन्नू लाल द्विवेदी को ५९ हजार, १२५ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। उन्हें कुल मिलाकर ७९ हजार, २५७ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से कांग्रेस की उम्मीदवार सुशीला नैयर ने इस चुनाव में १ लाख, ३ हजार, ७३ मत प्राप्त कर भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार श्री रामनाथ खैरा को ३७ हजार, ३७८ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। उन्हें कुल मिलाकर ६५ हजार, ६९५ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन से कांग्रेस के उम्मीदवार रामसेवक ने १ लाख, २४ हजार, ४० मत प्राप्त कर भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार श्री पी. एल. अहिरवार को २४ हजार, १२३ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। अहिरवार जी को कुल मिलाकर ९९ हजार, ९२७ मत प्राप्त हुए।(५)
पांचवें आम चुनाव, वर्ष- १८७१
वर्ष १९७१ के पांचवें आम चुनाव में बुंदेलखंड से कांग्रेस से तीन तथा भारतीय जनसंघ का एक सांसद जीत कर संसद पहुंचे। बांदा से भारतीय जनसंघ के उम्मीदवार श्री राम रतन शर्मा ने ९६ हजार, ७७० मत प्राप्त कर सी. पी. आई. के प्रत्याशी श्री देवकुमार को ७ हजार, ४२ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। देवकुमार को कुल ८९ हजार, ७२८ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर से कांग्रेस के टिकट पर स्वामी ब्रह्मानंद ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल मिलाकर १ लाख, ३९ हजार, ७०४ मत मिले। उन्होंने भारतीय क्रांति दल के प्रत्याशी श्री तेज प्रताप सिंह को ५५ हजार, ६६० मतों से हराया।तेज प्रताप को ८४ हजार, ४४ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री गोविन्द दास रिछारिया ने १ लाख, ४३ हजार, १३१ मत प्राप्त कर एन. सी. ओ. उम्मीदवार सुशीला नैयर को ७४ हजार, ५७१ मतों के अंतर से हराया। सुशीला नैयर को ६८ हजार, ५६६ मत प्राप्त किया। जालौन (सुरक्षित) से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री चौधरी रामसेवक ने १ लाख, ४७ हजार, ७३१ मत प्राप्त कर भारतीय जनसंघ के प्रत्याशी श्री कुंजीलाल अहिरवार को २५ हजार, ८८८ मतों के अंतर से पराजित किया। कुंजीलाल को कुल मिलाकर १ लाख, २१ हजार, ८५३ मत प्राप्त हुए।(६)
छठवें आम चुनाव, वर्ष- १९७७
देश में आपातकाल समाप्त होने के बाद वर्ष १९७७ में लोकसभा के लिए छठें आम चुनाव हुए। इस चुनाव में पूरे देश की तरह बुंदेलखंड में भी कांग्रेस की करारी हार हुई। यहां की चारों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार हार गए तथा चारों सीटों पर भारतीय लोकदल के प्रत्याशी जीते। बांदा से श्री अंबिका प्रसाद ने १ लाख, ३८ हजार, ८४८ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार श्री रामेश्वर प्रसाद को ५७ हजार, ५९५ मतों के अंतर से हराया। रामेश्वर प्रसाद को कुल ८१ हजार, ३५३ मत मिले। जनपद हमीरपुर से भारतीय लोकदल के उम्मीदवार श्री तेज प्रताप सिंह ने १ लाख, ६५ हजार, ४८८ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार स्वामी ब्रह्मानंद को ८१ हजार,२७५ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। ब्रम्हानंद जी को ८४ हजार, २१३ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से सुशीला नैयर ने भारतीय लोकदल के टिकट पर २ लाख, २२ हजार, ११८ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार श्री गोविन्द दास रिछारिया को १ लाख, ३० हजार, ४८५ मतों के भारी अंतर से हराया। रिछारिया को ९१ हजार, ६३३ मत प्राप्त हुए। इसी समय जालौन ( सुरक्षित) से भारतीय लोकदल के टिकट पर श्री रामचरन ने कांग्रेस के उम्मीदवार श्री चौधरी रामसेवक को १ लाख, ८५ हजार, २७५ मतों के भारी अंतर से हराकर जीत दर्ज की। रामसेवक को ९१ हजार, १५४ मत प्राप्त हुए।(७)
सातवें आम चुनाव, वर्ष- १९८०
वर्ष १९८० के सातवें मध्यावधि लोकसभा के आम चुनावों में कांग्रेस (आई) ने वापसी किया। इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने वापसी कर बहुमत हासिल किया। बुंदेलखंड में भी पूरे देश की तरह ही कांग्रेस (आई) के उम्मीदवार जीते। बांदा से कांग्रेस (आई) के टिकट पर श्री राम नाथ दुबे ने १ लाख, २६ हजार, ३१ मत हासिल कर सी. पी. आई. के प्रत्याशी श्री चन्द्र भान आजाद को ४५ हजार, ५४ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। चन्द्रभान आजाद को ८० हजार, ९७७ मत प्राप्त हुए थे। हमीरपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री डूंगर सिंह ने १ लाख, ४३ हजार, ८२१ मत प्राप्त कर जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री शिव नंदन सिंह को ६६ हजार, २०९ मतों के अंतर से हराया। शिवनंदन सिंह को ७७ हजार, ६१२ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से कांग्रेस के टिकट पर श्री विश्वनाथ शर्मा ने चुनाव लड़कर १ लाख, ९१ हजार, ६७२ मत प्राप्त कर विजय हासिल किया। उन्होंने सी. पी. आई. के प्रत्याशी श्री रमेश सिन्हा को १ लाख, ९ हजार, ७५४ मतों के भारी अंतर से हराया। सिन्हा को कुल मिलाकर ८१ हजार, ९१८ मत प्राप्त हुए थे। जनपद जालौन (सुरक्षित) से श्री नाथूराम शाक्यवार ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर १ लाख, ४७ हजार, ४०० मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री राम सेवक को १६ हजार, ४३४ मतों के अंतर से हराया। रामसेवक को कुल मिलाकर १३ हजार, ९६ मत प्राप्त हुए थे।(८)
आठवें आम चुनाव, १९८४
वर्ष १९८४ के आठवें आम चुनाव में बुंदेलखंड की चारों सीटों पर कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया। बांदा से कांग्रेस के टिकट पर श्री भीष्म देव दुबे ने १ लाख, ४२ हजार, ८५ मत प्राप्त कर सी. पी. आई. के प्रत्याशी श्री रामसजीवन को ५७ हजार, ४९९ मतों के अंतर से हराया।राम सजीवन को कुल ८४ हजार, ५८६ मत प्राप्त हुए थे। हमीरपुर से कांग्रेस के ही उम्मीदवार श्री स्वामी प्रसाद सिंह ने १ लाख, ९९ हजार, ४६० मत हासिल कर लोकदल के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री बृजेन्द्र सिंह को ६३ हजार, ३१३ मतों के अंतर से हराया। बृजेन्द्र सिंह को १ लाख, ३६ हजार, १४९ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री सुजान सिंह बुंदेला ने २ लाख, ४५ हजार, २९ मत प्राप्त कर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री को १ लाख, १५ हजार, ९२३ मतों के अंतर से हराया। राजेन्द्र अग्निहोत्री को इस चुनाव में १ लाख, २९ हजार, १०६ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री लच्छी राम ने १ लाख, ७० हजार, ५१० मत प्राप्त कर लोकदल के प्रत्याशी श्री रामसेवक को ५३ हजार, २३७ मतों के अंतर से हराया। रामसेवक को कुल मिलाकर १ लाख, १७ हजार, २७३ मत प्राप्त हुए।(९)
नवें आम चुनाव, १९८९
वर्ष १९८९ के नौवें आम चुनाव में बुंदेलखंड की दो सीटों पर जनता दल तथा एक-एक सीट पर सी. पी. आई. और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीते। बांदा से सी. पी. आई. के प्रत्याशी श्री राम सजीवन ने १ लाख, ४ हजार, ४२ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री चन्द्र भान आजाद को २७ हजार, २४२ मतों के अंतर से हराया। चन्द्र भान आजाद को इस चुनाव में ७६ हजार, ८९५ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर से जनता दल के प्रत्याशी श्री गंगा चरण को १ लाख, ८३ हजार, ६०० मत प्राप्त हुए। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार श्री स्वामी प्रसाद सिंह को ६८ हजार, ६०० मतों के अंतर से हराया। स्वामी प्रसाद सिंह को कुल मिलाकर १ लाख, १५ हजार मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री ने २ लाख, ८३ हजार, ५७१ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार श्री सुजान सिंह बुंदेला को १ लाख, ३ हजार, १९८ मतों के अंतर से हराया। सुजान सिंह बुंदेला को इस चुनाव में कुल मिलाकर १ लाख, ८० हजार, ३७३ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से जनता दल के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री राम सेवक भाटिया ने १ लाख, ६४ हजार, ९३३ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री रामाधीन को २४ हजार, ५१६ मतों के अंतर से हराया। रामाधीन को कुल मिलाकर १ लाख, ४० हजार, ४१७ मत प्राप्त हुए।(१०)
दसवें आम चुनाव, १९९१
वर्ष १९९१ के दसवें आम चुनाव में बुंदेलखंड की जनता ने यहां की चारों लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को चुनाव जिताकर संसद भेजा। बांदा से भाजपा प्रत्याशी श्री प्रकाश नारायण ने १ लाख, १ हजार, ८३६ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार श्री बाबूलाल कुशवाहा को १० हजार, १८४ मतों के अंतर से हराया। बाबूलाल कुशवाहा को ९१ हजार, ६५२ मत प्राप्त हुए। जनपद हमीरपुर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री विश्वनाथ शर्मा ने ९४ हजार, १३७ मत प्राप्त कर जनता दल के प्रत्याशी श्री गंगा चरण को ४ हजार, ४५ मतों के अंतर से हराया। गंगा चरण राजपूत को ९० हजार, ९२ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से भाजपा प्रत्याशी श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री को इस चुनाव में कुल मिलाकर १ लाख, ८५ हजार, १८५ मत प्राप्त हुए। उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार श्री ओम प्रकाश रिछारिया को ८२ हजार, ७१ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।ओम प्रकाश रिछारिया को कुल १ लाख, ३ हजार, ११४ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री गया प्रसाद कोरी ने १ लाख, ५१ हजार, ७ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री रामाधीन को ४५ हजार, ६५२ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। रामाधीन को १ लाख, ५ हजार, ३५५ मत प्राप्त हुए।(११)
११ वें आम चुनाव, १९९६
वर्ष १९९६ में ११ वीं लोकसभा के लिए आम चुनाव सम्पन्न हुए। इस बार बुंदेलखंड की चार में से तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी तथा एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों को जीत मिली। बांदा से बसपा प्रत्याशी श्री रामसजीवन सिंह ने १ लाख, २५ हजार, ७७८ मत प्राप्त कर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री प्रकाश नारायण को ९ हजार, १७१ मतों के अंतर से हराया।प्रकाश नारायण को १ लाख, १६ हजार, ६०७ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी श्री गंगा चरण राजपूत ने १ लाख, ७३ हजार, २३८ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री राजनारायण को ६७ हजार, ९८० मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।राजनारायण को १ लाख, ५ हजार, २५८ मत प्राप्त हुए।
झांसी जनपद से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री हरगोविंद कुशवाहा को २९ हजार, ६८४ मतों के अंतर से हराया। हरगोविंद कुशवाहा को १ लाख, ३४ हजार, १५२ मत प्राप्त हुए थे। जनपद जालौन (सुरक्षित) से भाजपा के उम्मीदवार श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने १ लाख, ९० हजार, ४६४ मत प्राप्त कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री चैन सुख भारती को ४५ हजार, ७२४ मतों के अंतर से हराया।चैन सुख भारती को १ लाख, ४४ हजार, ७४० मत प्राप्त हुए थे।(१२)
बारहवें आम चुनाव, १९९८
वर्ष १९९८ के बारहवें आम चुनाव में भी बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजयी हुए। बांदा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री रमेश चन्द्र द्विवेदी ने १ लाख, ८४ हजार, ४०१ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री राम सजीवन को १७ हजार, ९४८ मतों के अंतर से हराया। रामसजीवन को कुल मिलाकर १ लाख, ६६ हजार, ४५३ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी श्री गंगा चरण राजपूत ने २ लाख, १ हजार, ८१० मत प्राप्त कर समाज वादी पार्टी के प्रत्याशी श्री राजनारायण उर्फ रज्जू महाराज को १८ हजार, १३७ मतों के अंतर से हराया।सपा प्रत्याशी को कुल मिलाकर १ लाख, ८३ हजार, ६७३ मत प्राप्त हुए थे।
जनपद झांसी से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री ने २ लाख, ७३ हजार, ३३३ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री हरगोविंद कुशवाहा को ५० हजार, ३६८ मतों के अंतर से हराया। हरगोविंद कुशवाहा को कुल मिलाकर २ लाख, २२ हजार, ९६५ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से भाजपा प्रत्याशी श्री भानू प्रताप सिंह ने २ लाख, ३३ हजार, ७२७ मत प्राप्त कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री मान सिंह को ४५ हजार, ६४० मतों के अंतर से हराया।मान सिंह को कुल १ लाख, ८८ हजार, ०८७ मत प्राप्त हुए।(१३)
तेरहवें आम चुनाव, १९९९
वर्ष १९९९ में देश में मध्यावधि चुनाव हुए।इन चुनावों में बुंदेलखंड की चार सीटों में से तीन पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी तथा एक पर कांग्रेस की विजय हुई। बांदा से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लडे श्री राम सजीवन ने २ लाख, ९ हजार, ९९५ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री श्याम चरण गुप्ता को २८ हजार, ६३१ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।सपा उम्मीदवार को कुल १ लाख, ८१ हजार, ३६४ मत प्राप्त हुए। हमीरपुर से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री अशोक कुमार सिंह चंदेल ने २ लाख, १७ हजार, ७३२ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री राजनारायण उर्फ रज्जू महाराज को ११ हजार, ६६४ मतों के अंतर से हराया। रज्जू महाराज को कुल मिलाकर २ लाख, ६ हजार, ८८ मत प्राप्त हुए।
झांसी जनपद से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री सुजान सिंह बुंदेला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री राजेन्द्र अग्निहोत्री को ८२ हजार, ५२१ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इन्हें २ लाख, ८६६ मत प्राप्त हुए जबकि सुजान सिंह बुंदेला को २ लाख, ८३ हजार, ३८७ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री बृजलाल खाबरी ने १ लाख, ९७ हजार, ७०५ मत प्राप्त कर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा को १३ हजार, ३५२ मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।भानु प्रताप सिंह वर्मा को कुल मिलाकर १ लाख, ८४ हजार, ३५३ मत प्राप्त हुए।(१४)
चौदहवें आम चुनाव, २००४
वर्ष २००४ में चौदहवीं लोकसभा के लिए आम चुनाव सम्पन्न हुए। इस चुनाव में बुंदेलखंड में तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी तथा एक सीट पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी हुए। बांदा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री श्यामा चरण गुप्ता ने १ लाख, ८५ हजार, ९९ मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी बसपा के प्रत्याशी श्री राम सजीवन को ५६ हजार, ३०४ मतों के अंतर से हराया। रामसजीवन को १ लाख, २८ हजार, ७९५ मत प्राप्त हुए। जनपद हमीरपुर से भी सपा प्रत्याशी श्री राजनारायण उर्फ रज्जू महाराज ने २ लाख, २० हजार, ९१७ मत प्राप्त कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री अशोक कुमार सिंह चंदेल को ३७ हजार, १५४ मतों के अंतर से हराया। अशोक कुमार सिंह चंदेल को १ लाख, ८३ हजार, ७६३ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री चन्द्र पाल सिंह यादव ने २ लाख, ३८ हजार, ७८२ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री बाबूलाल कुशवाहा को २६ हजार, २९९ मतों के अंतर से हराया। बाबूलाल कुशवाहा को २ लाख, १२ हजार, ४८३ मत प्राप्त हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने १ लाख, ९५ हजार, २२८ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री घनश्याम कोरी को २६ हजार, ७९१ मतों से हराया। घनश्याम कोरी को कुल मिलाकर १ लाख, ६८ हजार, ४३७ मत प्राप्त हुए।(१५)
पन्द्रहवें आम चुनाव, २००९
वर्ष २००९ में १५ वीं लोकसभा के लिए आम चुनाव हुए। इस चुनाव में बुंदेलखंड की चार में दो सीटों पर सपा, एक पर कांग्रेस और एक सीट पर बसपा उम्मीदवार विजयी हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री घनश्याम अनुरागी ने २ लाख, ८३ हजार, २३ मत प्राप्त कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री तिलक चन्द्र अहिरवार को ११ हजार, ४०९ मतों के अंतर से हराया। तिलक चन्द्र को कुल मिलाकर २ लाख, ७१ हजार, ६१४ मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार जनपद बांदा से भी समाज वादी पार्टी के प्रत्याशी श्री आर. के. सिंह पटेल ने २ लाख, ४० हजार, ९४८ मत प्राप्त कर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी श्री भैरों प्रसाद मिश्र को ३४ हजार, ५९३ मतों के अंतर से हराया। बसपा उम्मीदवार को कुल मिलाकर २ लाख, ६ हजार, ३५५ मत प्राप्त हुए।
जनपद झांसी से कांग्रेस के उम्मीदवार श्री प्रदीप कुमार जैन आदित्य ने २ लाख, ५२ हजार, ७१२ मत प्राप्त कर बसपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री रमेश कुमार शर्मा को ४७ हजार, ६७० मतों के अंतर से हराया।रमेश कुमार शर्मा को कुल मिलाकर २ लाख, ५ हजार, ४२ मत प्राप्त हुए थे। जनपद हमीरपुर से बसपा प्रत्याशी श्री विजय बहादुर सिंह ने १ लाख, ९९ हजार, १४३ मत प्राप्त कर कांग्रेस के उम्मीदवार श्री सिद्ध गोपाल साहू को २५ हजार, ५०२ मतों के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी को १ लाख, ७३ हजार, ६४१ मत प्राप्त हुए।(१६)
सोलहवें आम चुनाव, २०१४
वर्ष २०१४ में १६ वीं लोकसभा के लिए सम्पन्न आम चुनाव में बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजयी हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने ५ लाख, ४८ हजार, ६३१ मत प्राप्त कर बसपा के उम्मीदवार श्री बृजलाल खाबरी को २ लाख, ८७ हजार,२०२ मतों के अंतर से हराया। बसपा प्रत्याशी को २ लाख, ६१ हजार, ४२९ मत प्राप्त हुए। झांसी से भाजपा प्रत्याशी साध्वी उमा भारती ने ५ लाख, ७५ हजार, ८८९ मत हासिल कर सपा प्रत्याशी श्री चन्द्र पाल सिंह यादव को १ लाख, ९० हजार, ५६७ मतों के अंतर से हराया।सपा प्रत्याशी को कुल मिलाकर ३ लाख, ८५ हजार, ४२२ मत प्राप्त हुए।
जनपद हमीरपुर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने ४ लाख, ५३ हजार, ८८४ मत प्राप्त कर सपा प्रत्याशी श्री विशम्भर प्रसाद निषाद को २ लाख, ६६ हजार, ७८८ मतों के अंतर से हराया।सपा प्रत्याशी को कुल १ लाख, ८७ हजार, ९६ मत प्राप्त हुए। जनपद बांदा से भाजपा प्रत्याशी श्री भैरों प्रसाद मिश्र ने ३ लाख, ४२ हजार, ६६ मत प्राप्त कर बसपा के उम्मीदवार श्री आर. के. सिंह पटेल को १ लाख, १५ हजार, ७८८ मतों के अंतर से हराया। पटेल को २ लाख, २६ हजार, २७८ मत प्राप्त हुए।(१७)
सत्रहवें आम चुनाव, २०१९
वर्ष २०१९ में १७ वीं लोकसभा के लिए सम्पन्न हुए आम चुनाव में बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजयी हुए। जनपद जालौन (सुरक्षित) से भाजपा प्रत्याशी श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने ५ लाख, ८१ हजार, ७६३ मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के श्री अजय सिंह को परास्त किया। अजय सिंह को कुल मिलाकर ४ लाख, २३ हजार, ३८६ मत प्राप्त हुए। झांसी से भाजपा प्रत्याशी श्री अनुराग शर्मा ने रिकॉर्ड ८ लाख, ९ हजार, २७२ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री श्याम सुन्दर सिंह को परास्त किया। श्याम सुन्दर सिंह को कुल मिलाकर ४ लाख, ३५ हजार, ५८९ मत प्राप्त मिले।
जनपद हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड रहे श्री पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने ५ लाख, ७५ हजार,१२२ मत प्राप्त कर बसपा के उम्मीदवार श्री दिलीप कुमार सिंह को परास्त किया। दिलीप कुमार को ३ लाख, २६ हजार, ४७० मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार जनपद बांदा से भाजपा के ही उम्मीदवार श्री आर. के. सिंह पटेल ने ४ लाख, ७७ हजार, ९२६ मत प्राप्त कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री श्यामा चरण गुप्ता को पराजित किया। श्यामा चरण गुप्ता को कुल मिलाकर ४ लाख, १८ हजार, ९८८ मत प्राप्त हुए थे।(१८)
निष्कर्ष
उत्तर- प्रदेश के अंतर्गत आने वाले बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र के सात जिलों में ४ लोक सभा सीटें हैं। वर्ष १९५२, १९५७, १९६२, १९८० और १९८४ में इन चारों की चारों सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीते थे। जबकि भाजपा ने यही परिणाम वर्ष १९९१, १९९८, २०१४ और २०१९ में दिया था अर्थात् इन वर्षों में यहां से भाजपा के प्रत्याशी विजयी हुए थे। वर्ष १९७७ में यही परिणाम भारतीय लोकदल के पक्ष में गया था जब उसके प्रत्याशी यहां की चारों सीटों पर जीते थे। इसके अतिरिक्त बसपा, सपा, जनता दल, सी. पी. आई. तथा भारतीय जनसंघ ने भी बुंदेलखंड से जीतकर लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया है।
उपरोक्त विस्तृत शोध-पत्र को सविस्तार विवेचित करने का उद्देश्य यह है कि इस बात को संज्ञान में लाया जाए कि बुंदेलखंड से लगभग सभी बड़ी पार्टियों ने लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया है। बावजूद इसके आज भी बुंदेलखंड अपनी बदहाली, बेरोजगारी, अशिक्षा, से उबर नहीं पाया है।आज भी बुंदेलखंड के दैनिक समाचार पत्र यहां के किसानों की आत्महत्याओं, जहर खाकर जान देने वालों, रेलगाड़ी में कट कर मरने वालों की खबरों से भरे रहते हैं। कर्ज़ का मर्ज परिवारों के विखंडन और पलायन का सबब बना हुआ है।१० लाख से अधिक लोग यहां से पलायन कर चुके हैं।
संसदीय जनतंत्र में संसद और सांसद ही जनता की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के माध्यम होते हैं। इस बात को संज्ञान में लिया जाना चाहिए।
संदर्भ स्रोत :
- १- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी, चुनाव परिणाम, १९५१, www.election.in
- २- उपरोक्त
- ३- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९५७, www. election.
- ४- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९६२, www.election.in
- ५- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९६७, www. election.in
- ६- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९७१, www. election.in
- ७- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९७७, www. election.in
- ८- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९८०, www. election.in
- ९- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९८४, www. election.in
- १०- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९९९, www. election.in
- ११- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९९१, www.election.in
- १२- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९९६, www. election.in
- १३- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९९८, www. election.in
- १४- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, १९९९, www. election.in
- १५- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, २००४, www. election.in
- १६- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, २००९, www. election.in
- १७- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, २०१४, www. election.in
- १८- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव परिणाम, २०१९, www. election.in
Very rare concise information at one place Sir.. Thanks for compilation.. It is evident from the information that no matter which parties have represented bundelkhand region,it is still the most backward region in all spheres..substantial democracy and rights to question the representative are more important than merely electoral democracy which is proving non responsive and unaccountable to the citizens..
सर आपने चुनाव प्रक्रिया का पुराने इतिहास से रू -बरू कराया है यह बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है इसके लिए आपको कोटि-कोटि धन्यवाद व प्रणाम
उत्साह वर्धन के लिए बहुत बहुत धन्यवाद आपको
आपके इस लेख में सम्पूर्ण बुंदेलखंड का राजनीतिक दृश्य वर्णित है, मुझे इस लेख के माध्यम से अपने शोध कार्य मे बहुत सहयोग मिला है। बहुत धन्यवाद गुरु जी।
धन्यवाद कपिल जी